अयोध्या में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को रुदौली विधानसभा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए युवाओं और नवविवाहित महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। पहले विशेष अभियान दिवस पर बड़ी संख्या में लोगों ने नाम शामिल कराने के लिए फार्म भरे। अभियान के दौरान रामबाड़ी स्थित मतदान केंद्र पर बीएलओ पारसनाथ, शुभम गुप्ता, उवेद उल्ला, शुभम श्रीवास्तव और सूरज पांडेय मौजूद मिले। यहां मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए लोगों ने आवेदन किया। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित विशेष अभियान का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना और सूची में दर्ज नाम, पता सहित अन्य विवरणों की त्रुटियों को दूर करना है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए रुदौली विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ और सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई गई है। अभियान के अगले चरण में रविवार से बीएलओ घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से संपर्क करेंगे और मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी कराएंगे। दूसरा विशेष अभियान दिवस 24 अक्टूबर को आयोजित होगा। पात्र नागरिक अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से नाम जुड़वाने और विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं।