स्मार्टफोन गायब होने के बाद लंबे समय से परेशान चल रहे लोगों के लिए बृहस्पतिवार का दिन खुशी से कम नहीं रहा। अमेठी पुलिस की सर्विलांस और स्वाट टीम ने 217 गायब मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस कार्यालय सभागार में एसपी सरवणन टी ने मोबाइल स्वामियों को बुलाकर उनके फोन सुपुर्द किए। अपना खोया मोबाइल दोबारा हाथ में आते ही पीड़ितों के चेहरे पर खुशी छा गई। लोगों ने मोबाइल बरामद कराने के लिए पुलिस का आभार जताया। पुलिस के मुताबिक बरामद 217 मोबाइल फोन की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है। मोबाइल गायब होने के बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की थी। कई लोगों ने 101 लोक शिकायत और 116 सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई। शिकायतों के आधार पर सर्विलांस और स्वाट टीम ने मोबाइल फोन को ट्रैक करने का अभियान शुरू किया। तकनीकी माध्यम से मोबाइल फोन की लोकेशन और उनके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटाई गई। इसके आधार पर अमेठी के साथ प्रदेश के अलग-अलग जिलों और दूसरे स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल की पहचान कर उनके स्वामियों का सत्यापन कराया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को सभी को पुलिस कार्यालय बुलाकर फोन सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह जिले में मोबाइल बरामदगी के बड़े अभियानों में शामिल है। पुलिस की ओर से मोबाइल गुम होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। साथ ही सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत करने की सलाह दी गई, जिससे मोबाइल को ट्रैक कर बरामद करने में मदद मिल सके। एसपी ने लोगों से मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की अपील की। मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने और आईएमईआई नंबर समेत जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा।