अमेठी सिटी। सीएचसी गौरीगंज के सामने अतिक्रमण से आए दिन लगने वाले जाम पर शुक्रवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। हाईकोर्ट के निर्देश पर राजस्व और नगर पालिका की टीम ने बुलडोजर चलाकर सड़क और पटरी से अतिक्रमण हटाया। यह मार्ग सीएचसी के साथ खास सुरक्षा विभाग, औषधि विभाग और जिला अस्पताल को जोड़ता है। बड़ी संख्या में मरीज और तीमारदार इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क पर दुकानें और अस्थायी ढांचे होने से मार्ग संकरा हो गया था। इससे जाम की स्थिति बनती थी और लोगों को परेशानी होती थी। नायब तहसीलदार कौशल किशोर के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। सड़क किनारे लगी दुकानों, पटरी पर रखे सामान और रास्ते में बाधा बन रहे अस्थायी ढांचों को हटाया गया। कार्रवाई शुरू होते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार सामान समेटते नजर आए। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। टीम ने दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।