फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी में धान क्रय केंद्र का हाल, कहीं तौल का इंतजार तो कहीं बोरियों का अभाव

अमेठी में धान खरीद शुरू हुए 15 दिन बीत चुके हैं, फिर भी सिंहपुर विकासखंड के कई क्रय केंद्रों पर खरीद की रफ्तार नहीं बढ़ सकी है। सोमवार को पांच केंद्रों पर अलग-अलग तस्वीर दिखी। कहीं धान से लदी ट्रालियां तौल के इंतजार में खड़ी थीं तो कहीं प्रभारी किसानों के आने की राह देख रहे थे। एक केंद्र पर बोरियां नहीं थीं तो दूसरे पर किसान ही नहीं पहुंचे थे। फूला केंद्र पर 15 दिन में केवल 80 क्विंटल धान की खरीद हुई है। सुबह 11:29 बजे राजकीय धान क्रय केंद्र सिंहपुर पर धान से लदी चार ट्रालियां खड़ी थीं। इसके बावजूद तौल शुरू नहीं हुई थी। केंद्र प्रभारी श्यामू मिश्रा ने बताया कि पल्लेदार के आने के बाद तौल शुरू होगी। सोमवार सुबह तक सिंहपुर प्रथम और द्वितीय केंद्र पर कुल 1605.60 क्विंटल धान की खरीद हुई थी। दोपहर 12:01 बजे इन्हौना बी पैक्स का ताला खुला था। केंद्र के अंदर और बाहर सन्नाटा पसरा था। प्रभारी रामप्रकाश अकेले मौजूद थे। कांटा और पंखा रखा था, मगर तौल कराने के लिए कोई किसान नहीं पहुंचा था। प्रभारी ने बताया कि अब तक 60 क्विंटल धान खरीदा गया है। किसानों को जानकारी देने के लिए क्षेत्र में प्रचार किया जाएगा। दोपहर 12:15 बजे राजकीय धान क्रय केंद्र इन्हौना प्रथम और द्वितीय पर धान से लदी तीन ट्रालियां खड़ी थीं। एक किसान के धान की तौल हो रही थी। केंद्र प्रभारी सनाउल्लाह ने बताया कि इन्हौना प्रथम पर 358.80 और द्वितीय पर 180.80 क्विंटल धान की खरीद हुई है। दोपहर 12:41 बजे राजापुर बी पैक्स पर प्रभारी अमित मिश्रा ही मौजूद मिले। केंद्र पर बोरियां उपलब्ध नहीं थीं। किसानों तक खरीद की जानकारी भी नहीं पहुंच सकी थी। अब तक यहां केवल 39.20 क्विंटल धान की तौल हुई है। दोपहर 1:01 बजे बी पैक्स फूला में धान की तौल हो रही थी। खरीद शुरू होने के 15 दिन बाद तिलोई निवासी किसान दीपक सिंह का धान तौला जा रहा था। केंद्र पर केवल एक किसान मौजूद था। अब तक यहां 80 क्विंटल धान की खरीद हुई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा ने बताया कि इस समय खेतों में धान की कटाई चल रही है। किसान फसल की कटाई में जुटे हैं। किसानों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और उन्हें क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 20 नवंबर के बाद कटाई का काम पूरा होने पर खरीद में तेजी आने की संभावना है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें