फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: महीनों से टूटी पुलिया, ग्रामीणों ने बांस-लकड़ी से खुद बनाया अस्थायी रास्ता

अंबेडकरनगर। विकासखंड कटेहरी की ग्राम सभा अटवाई के निवियहवा और अहिरनवा गांव के करीब 100 घरों के लोगों की परेशानी महीनों बाद भी दूर नहीं हो सकी है। प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाली पक्की सड़क पर बनी पुरानी पुलिया को आरईएस विभाग ने तोड़ दिया लेकिन अब तक नए पुल का निर्माण शुरू नहीं हो सका। हालात से परेशान ग्रामीणों ने बुधवार को आपसी सहयोग से बांस और लकड़ियों के सहारे अस्थायी पुलिया तैयार कर आवागमन का रास्ता बनाने का प्रयास किया। पुलिया टूटने के बाद सबसे अधिक परेशानी प्राथमिक विद्यालय जाने वाले बच्चों को हो रही है। रास्ता बाधित होने के कारण कई बच्चे नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। वहीं गांव में किसी के बीमार पड़ने या आपात स्थिति होने पर मरीज को अस्पताल ले जाना भी ग्रामीणों के लिए चुनौती बना हुआ है। बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो गई है। ग्रामीण डॉ. मुकेश गोस्वामी, मेवालाल निषाद, गजराज निषाद और नंदराम ने बताया कि पुलिया तोड़ने से पहले विभाग को वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करनी चाहिए थी। महीनों बीत जाने के बाद भी नए पुल का निर्माण शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में रास्ता बंद होने का खामियाजा किसी की जान पर भारी पड़ सकता है। लगातार परेशानी के बीच बुधवार को ग्रामीणों ने खुद बांस और लकड़ियां जुटाकर अस्थायी पुलिया बना दी। ग्रामीणों का कहना है कि यह व्यवस्था स्थायी समाधान नहीं है, लेकिन इससे फिलहाल पैदल और जरूरी आवागमन में कुछ राहत मिल सकेगी। उन्होंने आरईएस विभाग से जल्द नए पुल का निर्माण शुरू कराने और तब तक सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें