शादी का निमंत्रण बांटने मौसी के घर जा रहे मऊ जिले के सुरहुरपुर निवासी सुमित तिवारी (28) की शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे सड़क हादसे में मौत हो गई। जहांगीरगंज क्षेत्र के नरियांव-माडरमऊ मार्ग पर बीएम मेमोरियल स्कूल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। सीएचसी जहांगीरगंज पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुमित सऊदी अरब में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। दो दिन पूर्व ही 11 नवंबर को वह घर लौटे थे। 24 नवंबर को तिलक और 27 नवंबर को शादी होनी थी। वह चकपुरवा गांव निवासी मौसी के घर निमंत्रण देने जा रहे थे। घर से करीब 500 मीटर पहले दोपहर ढाई बजे हादसा हो गया। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। हाथों में निमंत्रण कार्ड लेकर निकले सुमित के दूल्हा बनने का सपना अधूरा रह गया। हादसे की खबर से घर में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष रितेश पांडेय ने बताया कि परिजनों की लिखित मांग पर शव उन्हें सौंप दिया गया।