अंबेडकरनगर: सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतों के बाद सोमवार को कटेहरी बाजार में प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची, लेकिन दुकानदारों के विरोध के कारण अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अधिकारियों को बिना कार्रवाई किए ही वापस लौटना पड़ा। कटेहरी क्षेत्र के प्रतापपुर चमुर्खा निवासी सत्यम ने डीएम को शिकायती पत्र देकर पड़ोसी लालता प्रसाद पर घर के सामने सरकारी भूमि पर टिन शेड लगाकर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व में नोटिस भी जारी किया जा चुका है, इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। इसी तरह कटेहरी बाजार में भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतें प्रशासन के सामने पहुंची थीं। डीएम के आदेश पर सोमवार को मजिस्ट्रेट और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने का प्रयास किया। टीम के पहुंचते ही दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध के कारण मौके पर स्थिति ऐसी बनी कि अधिकारी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ा सके। काफी देर तक विरोध के बीच समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। अंत में टीम बिना अतिक्रमण हटाए वापस लौट गई। इससे सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई फिलहाल टल गई है। अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर लोगों की नजर है।