अलीगढ़-पलवल रोड स्थित खैर कृषि उत्पादन मंडी समिति में शनिवार को बेमौसम बारिश हुई। इससे धान किसानों की मुश्किलें बढ़ गईं। बारिश से धान भीग गया और उसकी गुणवत्ता प्रभावित हुई। व्यापारियों ने गीला धान खरीदने से इन्कार कर दिया। व्यापारियों ओमवीर सिंह, मुकेश कुमार और अरविंद ने बताया कि नमी बढ़ने से भाव 500 रुपये प्रति क्विंटल गिरे हैं। उन्होंने खराब मौसम से निकासी और व्यापार प्रभावित होने की आशंका जताई। बारिश के कारण कई किसान समय पर मंडी नहीं पहुंच सके। दोपहर 12 बजे गेट बंद होने से 25 से 30 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बाहर खड़ी रह गईं। किसानों ने मंडी प्रवेश रोकने का विरोध किया।