फतेहाबाद। एसीपी शमसाबाद राजीव रंजन ने बताया कि 18 सितंबर की रात करीब नौ बजे रामपुर गांव के पास किसान शेर सिंह उर्फ सैंडा मोहन निवासी लायकपुरा पर जानलेवा हमला किया गया था। मामले में सोमवार को थाना निबोहरा पुलिस ने उटंगन नदी के कांटर घाट से मेघ सिंह निवासी जटपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 18 सितंबर को वह गांव के मनोज के साथ रामपुर गांव के पास तिराहे पर खड़ा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे लोगों से उसका विवाद हो गया। विवाद के दौरान मनोज ने तमंचे से हवाई फायर किया। आरोप है कि इसी दौरान मेघ सिंह ने जान से मारने की नीयत से किसान के सिर पर लोहे के पाने से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाना और ईको कार बरामद की है। आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।