आगरा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कर्मचारियों और चिकित्सकों की हड़ताल से सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं पहले दिन ही बेपटरी हो गईं। मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी जिला अस्पताल में हुई। हड़ताल के चलते कई चिकित्सक चैंबर में नहीं बैठे। पैथोलॉजी और रेडियो डायग्नोस्टिक सेंटर पर जांच के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। मरीज बिना जांच और इलाज के ही लाैट गए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत जिले में 1,351 डाॅक्टर व अन्य कर्मचारी तैनात हैं। जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में डाॅक्टर और अन्य कर्मचारी हैं। हड़ताल के कारण व्यवस्थाएं बिगड़ गईं। जिला अस्पताल में हृदय, जीरियाट्रिक, आयुर्वेद-होम्योपैथी एवं यूनानी, फिजियोथेरेपी समेत कई विभाग में चिकित्सक नहीं बैठे। इलाज कराने आए मरीज पर्चा लेकर भटकते रहे। टेक्नीशियनों के हड़ताल पर जाने से खून-यूरिन, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड समेत अन्य जांच करने वाले मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ी। जांच के लिए मरीजों की भीड़ लग गई। घंटों इंतजार करना पड़ा। इसके बाद कई मरीज निजी सेंटरों पर और कई तारीख लेकर चले गए।