आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया में बृहस्पतिवार को दीवाली पर नेग मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद टेढ़ी बगिया पुलिस चौकी पर करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जानकारी के मुताबिक विवाद गुरु लक्की और किरन किन्नर के गुट के बीच हुआ। बताया गया है कि इलाके में नेग मांगने और वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। करीब 22 साल पुराने इस विवाद के बीच दीपावली पर नेग मांगने को लेकर बृहस्पतिवार को फिर तनातनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मामला पुलिस चौकी तक पहुंच गया। चौकी पर दोनों पक्षों के जुटने से हंगामे की स्थिति बन गई। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा का कहना है कि मौके पर दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया गया।