बाह। मूक बधिर युवक को नौकरी के बहाने फरीदाबाद ले जाकर बाली उतारने के विरोध पर बेरहमी से पीटे जाने का मामला सामने आया है। शिकायत करने पर मिल रही धमकी से परिवार दहशत में है। खेडा राठौर के नंदगवा गांव का श्रीकिशन मूक बधिर है। कान में बाली पहने था। गांव के ही दूसरे युवक पर नौकरी के बहाने एक पखवाड़े पहले फरीदाबाद ले जाने का आरोप है। श्रीकिशन के भाई साहूकार ने खेडा राठौर पुलिस को बताया कि उसकी बाली उतार ली। आरोप है कि बंधक बनाकर उसे पीटा गया। सुलगती बीड़ी से पीठ दाग दी, गैस सिलिंडर की आग से पांव झुलसा दिए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर वह फरीदाबाद गये, पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। कार्रवाई न होने पर गांव लौट आए। घर पर आकर आरोपी युवक ने कहीं भी शिकायत करने पर उसे और परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। धमकी से दहशत में आया परिवार अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित हो उठा है। खेडा राठौर पुलिस ने फरीदाबाद का मामला बता कर वहीं कार्रवाई के लिए जाने की परिजनों को सलाह दी है। वर्जन- प्रकरण की जानकारी नहीं है। अवकाश पर हूं। यदि शिकायत मिलती है तो जांच एवं कार्रवाई होगी।- जितेन्द्र कुमार, एसीपी बाह