आगरा के थाना इरादतनगर क्षेत्र में राजस्थान बॉर्डर के समीप डूडीपुरा गांव के पास शुक्रवार देर शाम मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर एक ग्रामीण को घेर लिया। बदमाशों ने उसके साथ मारपीट करते हुए मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, बैग और नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।दीवान सिंह निवासी गन्हेंदी, धौलपुर, राजस्थान, दिल्ली से लौटकर शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। वह डूडीपुरा गांव से पहले रेहना वाली माता मंदिर के पास, गांव कछपुरा के सामने बंद पड़े पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे ही थे कि मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। घटना के बाद पीड़ित ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। थाना इरादतनगर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के रास्तों और संभावित स्थानों पर छानबीन कर रही है। घटना से क्षेत्र के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल है।