आगरा-ग्वालियर रोड स्थित थाना मलपुरा क्षेत्र के नगला माकरोल की अस्थांजलि सिटी कॉलोनी में 30 अक्टूबर की रात हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक कॉलोनी निवासी इंजीनियर सचिन कुमार के घर का ताला चटकाकर चोर सोने-चांदी के आभूषण और घर में खड़ी स्कूटी चोरी कर ले गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस लगातार सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही थी। मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार और ककुआ चौकी प्रभारी अनुज कुमार ने घेराबंदी करते हुए शातिर को स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया। एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि अंकित निवासी अलीगढ़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद हुई है।