आगरा के अटल आवासीय विद्यालय, कोरई में विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल और रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कबड्डी प्रतियोगिता में यमुना हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। कप्तान लोकेन्द्र के नेतृत्व में टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। वहीं, कप्तान कुनाल के नेतृत्व में गंगा हाउस की टीम उपविजेता रही। रस्साकशी प्रतियोगिता में गंगा हाउस ने जीत हासिल की। प्रतियोगिताओं का आयोजन विद्यालय के पीईटी रामगोपाल सैनी एवं प्रवीण भारद्वाज के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन, सहयोग और टीम भावना का परिचय दिया।