आगरा के फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर धारापुरा गांव के पास यमुना नदी के पुल के समीप बारिश के चलते सड़क धंस गई है। सड़क के नीचे की मिट्टी बहने से करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया है। गड्ढे के आसपास झाड़ियां उगी होने के कारण यह दूर से वाहन चालकों को दिखाई नहीं देता। ऐसे में रात के समय इस स्थान पर बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के साथ सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार फतेहाबाद- फिरोजाबाद मार्ग से यमुना पुल की ओर जाने वाले रास्ते पर घुमावदार मोड़ है। पिछले दिनों हुई लगातार बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बह गई। इससे सड़क का एक हिस्सा धंस गया और मौके पर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गड्ढे के आसपास झाड़ियों के कारण वाहन चालकों को इसकी जानकारी दूर से नहीं हो पाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। रात में तेज रफ्तार वाहन चालक यदि समय रहते सड़क धंसने का अंदाजा नहीं लगा पाए तो वाहन गड्ढे में गिर सकता है। पुल के पास सड़क धंसने के कारण वाहन गड्ढे में गिरने के बाद करीब 50 फीट गहरी खाई में जाकर पलट सकता है। इससे जानमाल का बड़ा नुकसान होने की आशंका है।