बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. पूनम सिंह एवं आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर प्रो. पूनम रानी गुप्ता द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन से जुड़े अनेक प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से छात्राओं को उनके सत्य, अहिंसा, सादगी, अनुशासन, त्याग एवं राष्ट्रसेवा जैसे जीवन-मूल्यों से परिचित कराया गया। संगीत विभाग की डॉ. कृष्णा बाला सिंह के निर्देशन में छात्राओं ने गांधी जी के प्रिय भजनों ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ एवं ‘रघुपति राघव राजाराम’ की मधुर प्रस्तुतियां दीं। संगीत विभाग की छात्राओं निहारिका सत्संगी एवं लता ने भी दोनों महापुरुषों के जीवन एवं योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संयोजन एवं मंच संचालन डॉ. कृष्णा बाला सिंह द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. गुंजन ने किया।