मिशन नारी शक्ति अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद फतेहपुर सीकरी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बीआर स्कूल ऑफ एजुकेशन की छात्रा पूर्वी अग्रवाल पुत्री जितिन कुमार को एक दिन के लिए अधिशासी अधिकारी बनाया गया। एक दिवसीय अधिशासी अधिकारी के रूप में पूर्वी अग्रवाल ने नगर पालिका में पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक जीतेश कुमार, लेखाकार केबी शर्मा, अवर अभियंता मोनू सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अम्बेश कुमार, अवधेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।