आगरा के थाना पिढौरा क्षेत्र के दलईपुर गांव में मंगलवार देर शाम एक पालतू कुत्ते के हमले में तीन वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। कुत्ते ने बच्चे के सिर को अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे घसीटते हुए घर के बाहर ले आया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद कुत्ता बच्चे को छोड़कर भाग गया। घायल मासूम को तत्काल उपचार के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। दलईपुर निवासी श्यामवीर सिंह का तीन वर्षीय बेटा आयुष मंगलवार शाम घर में पानी पीने गैलरी गया था। इसी दौरान पड़ोसी का पालतू कुत्ता अचानक घर में घुस आया। कुत्ते ने आयुष पर हमला कर दिया और उसके सिर को जबड़े में जकड़ लिया। वह आयुष को घसीटकर गैलरी से बाहर ले आया। पास में नल पर पानी भर रही एक महिला ने मासूम को कुत्ते के चंगुल में देखकर शोर मचा दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख कुत्ता बच्चे को छोड़कर अपने घर की ओर भाग गया। हमले में आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में आगरा ले गए, जहां एसएन मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार चल रहा है।