आगरा के आरबीएस कॉलेज के राव कृष्णपाल सिंह ऑडिटोरियम में रविवार को राष्ट्र स्तरीय क्षत्रिय वीरता एवं विजय पर्व समारोह शौर्य से संकल्प तक का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को क्षत्रिय सेवा सदन में क्षत्रिय सभा जिला आगरा ने आमंत्रण पत्र का विमोचन कर समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जुटने की अपील की। जिला महामंत्री गजेंद्र सिंह परमार और संयोजक गौरव परमार ने बताया कि कार्यक्रम में बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह, महिपाल सिंह मकराना, शेर सिंह राणा सहित कई दिग्गज मुख्य अतिथि रहेंगे। इसमें विभिन्न राज्यों और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। समारोह में मृत्युभोज व दहेज प्रथा के विरोध, बेटियों की शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और युवाओं को स्वावलंबी बनाने जैसे कई महत्वपूर्ण सामाजिक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।