आगरा के थाना निबोहरा क्षेत्र के ग्राम समंसकापुरा और पोखरिया में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। चोरों ने एक मकान में घुसकर अलमारी तोड़कर चांदी के जेवर चोरी किए, वहीं चार किसानों के खेतों पर लगे ट्यूबवेलों से हजारों की केबिल काटकर ले गए।पीड़ितों ने निबोहरा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना निबोहरा क्षेत्र के ग्राम समंसकापुरा निवासी सत्यप्रकाश पुत्र धन्ना सिंह ने बताया रात में घर में चोर दीवार फांदकर अंदर घुस आए और झीने का ताला तोड़कर नीचे पहुंचे और कमरे में रखी अलमारी का भी ताला तोड़कर उसमें रखी चांदी की पायल, कान के झाले व चांदी के सिक्के पार कर दिए। वहीं चोर घर के पास लगे ट्यूबवेल से भी केबिल काट ले गए। गांव के ही हरिओम पुत्र भूरी सिंह के खेत पर लगे ट्यूबवेल से चोर हजारों रुपये की केबिल काटकर ले गए। वहीं ग्राम पोखरिया में भी चोरों ने ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। पोखरिया निवासी पप्पू पुत्र जाहर सिंह जब सुबह खेतों पर पहुंचे, तो उनके ट्यूबवेल का ताला टूटा मिला। हजारों रुपए की कॉपर केबिल गायब थी। पोखरिया के ही सत्यवान पुत्र रमाकांत, डोंगर सिंह के ट्यूबवेल से भी केबिल ताला तोड़कर काट ली गई। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर सभी ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसीपी शमसाबाद राजीव रंजन ने बताया मामले की जांच कराई जा रही है।