आगरा-ग्वालियर हाईवे पर खारी नदी के पुराने पुल के पास सोमवार देर शाम कचरे के ढेर में आग लग गई। आग लगने से ऊंची लपटें उठीं और काले धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया। हाईवे से गुजर रहे राहगीरों को धुएं से सांस लेने में परेशानी हुई। आसपास के ग्रामीण भी घंटों तक धुएं और दुर्गंध से परेशान रहे। ग्रामीणों के अनुसार, वाहन चालक लंबे समय से सड़क किनारे कचरा फेंकते हैं। इससे यहां कचरे के बड़े ढेर जमा हो गए थे। सोमवार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने इसी कचरे में आग लगा दी। विनोद कुमार प्रधान, महेंद्र सिंह, बृजेश कुमार, कृष्णा नौहवार और प्रदीप कुमार सहित ग्रामीणों ने कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कचरे की नियमित सफाई कराने की भी मांग की है।