आगरा के आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-12 स्थित खाली जमीन पर मंगलवार रात एक ढाबे में भीषण आग लग गई। इस घटना में तीन ढाबे और तीन झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। धमाके के साथ सिलिंडर भी फटने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल रहा। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि आवास विकास में पारस पर्ल्स माल के पास खाली जगह पर इमरान और पप्पू ढाबे चला रहे थे। इन ढाबों के पीछे मजदूर अपनी झोपड़ियों में रहते थे। लोगों ने सिलिंडर में धमाके की आवाज सुनी। सिलिंडर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि लोग डर गए। आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। अजय, राजकुमार और राकेश नामक मजदूर सुरक्षित बच गए। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।