आगरा के फतेहपुर सीकरी के ग्राम सिकरौदा में पानी मांगने के बहाने घर में घुसे चचिया ससुर पर विवाहिता से अभद्रता करने और विरोध करने पर मारपीट का आरोप है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ससुर रामकरन और देवर पवन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी तहरीर के अनुसार आठ सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे रामकरन उसके घर आया। आरोप है कि वह विवाहिता पर गलत नजर रखता था और आए दिन गलत इशारे व गंदी हरकत करता था। घटना वाले दिन वह पानी पीने के बहाने रसोई में घुस गया और पानी मांगने लगा। पानी देते समय उसने विवाहिता का हाथ पकड़ लिया। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपनी सास को दी। इसके बाद पीड़िता का भाई घर आया तो उसने उसे भी घटना के बारे में बताया। आरोप है कि इसी दौरान रामकरन और उसके पुत्र पवन ने विवाहिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसके हाथ में चोट आई और पवन ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। शोर सुनकर पड़ोसी और भाई मौके पर पहुंचे तो दोनों आरोपी धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़िता ने घटना की सूचना 112 नंबर पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी लेने के बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।