मैं बैंक की क्रेडिट कार्ड शाखा से बोल रहा हूं। आपके कार्ड की जांच में पता चला कि बीमा चालू हो गया है। हर महीने तीन हजार रुपये कटेंगे। अगर आप यह रकम नहीं देना चाहते हैं तो जैसा कहूं वैसा करें। बीमा कैंसिल कर दिया जाएगा...। इसके बाद मोबाइल पर एपीके फाइल पर क्लिक कराया गया और खाते से दो लाख रुपये कट गए। बल्केश्वर कॉलोनी निवासी सौरभ सिंह ने बताया कि 31 अगस्त को दोपहर करीब एक बजे उनके पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को यूनियन बैंक क्रेडिट कार्ड डिपार्टमेंट से अंकित टिग्गा बताया। बीमा कैंसिल करने के नाम पर उनके व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर उसे ओपन करने के लिए कहा गया। फाइल ओपन करते ही फोन हैक हो गया। बताया गया है कि इसके बाद उनके यूनियन बैंक के क्रेडिट कार्ड से 1,49,950 रुपये और एसबीआई क्रेडिट कार्ड से 48,905 रुपये के ट्रांजेक्शन कर लिए गए। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। कमला नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।