आगरा के ग्वालियर रोड स्थित गांव बाद बिजलीघर और मलपुरा से पोषित क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत विभाग की ओर से चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लाइन लॉस वाले फीडर इटौरा-2 के अंतर्गत इटौरा, रोहता और बमरौली रोड क्षेत्र में नौ उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। विभागीय टीम ने सभी के खिलाफ आगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अवर अभियंता राहुल चौधरी ने बताया कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की ओर से लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। चेकिंग के दौरान बिजली चोरी करते पकड़े गए नौ उपभोक्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं उपखंड अधिकारी मलपुरा शीलबंत सिंह ने बताया कि धनौली क्षेत्र के सिरोली गांव में चेकिंग अभियान चलाया गया था, जिसमें चार लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मामला प्रकाश में आया है। सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।