बाह। भदावर बस अड्डा बाह के सामने सड़क किनारे कार रोककर पीने के लिए पानी की बोतल खरीद रहे रेहा के प्रधान अजय कौशिक से एक दरोगा और सिपाही ने अभद्रता कर दी। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मियों ने 2000 रुपये लेने के बाद ही कार छोड़ी। पीडि़त ने सहायक पुलिस आयुक्त को प्रार्थनापत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। बाह के एसीपी को मामले की जांच सौंपी गई है। सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक अग्रवाल को दिए प्रार्थनापत्र में रेहा के प्रधान अजय कौशिक ने बाह थाने में तैनात एक दरोगा और सिपाही की शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि 19 सितंबर को समाधान दिवस के बाद वह अपनी कार से घर लौट रहे थे। बाह बस अड्डा के सामने सड़क किनारे पानी की बोतल लेने के लिए कार खड़ी की थी। कार पर दिल्ली का नंबर देख कर बाह थाने में तैनात एक दरोगा और एक सिपाही आए और गाली-गलौज के साथ अभद्रता करने लगे। कार को सीज करने की धमकी दी।