फिरोजाबाद के राष्ट्रीय श्रमिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दो सितंबर को आयोजित मंडलीय शतरंज प्रतियोगिता में आगरा की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक वर्ग में आगरा की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर कई खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए स्थान पक्का किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की पाखी खंडेलवाल, प्राची राजपूत और माही खंडेलवाल ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। तीनों का चयन राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अंडर-19 बालिका वर्ग में भी इसी विद्यालय की अल्फिया राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में आगरा का प्रतिनिधित्व करेंगी। बालक वर्ग में एमडी जैन इंटर कॉलेज के प्रिंस शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की और प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। बालक वर्ग की टीम के प्रभारी दिग्विजय सिंह रहे। विद्यालय की क्रीड़ा प्रभारी उपमा देवी ने छात्राओं को प्रतियोगिता के लिए प्रशिक्षण दिया। उनकी मेहनत का परिणाम खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दिखाई दिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या किरणलता सहित समस्त विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों और क्रीड़ा प्रभारी के प्रयासों की सराहना की। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र पाल सिंह तोमर, जिला विद्यालय निरीक्षक (बालिका शिक्षा) विश्व प्रताप सिंह, जनपद क्रीड़ा सचिव डॉ. रीनेश मित्तल, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बालकिशन कटारा, अनिल कुमार और पंकज शर्मा ने बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।