आगरा के ट्रांसयमुना थाना पुलिस ने युवती को भगाकर अपने साथ ले जाने के आरोपी को टेढ़ी बगिया से गिरफ्तार किया है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि 11 अगस्त को पीड़िता के भाई ने थाने में तहरीर दी थी कि उसकी बहन नौ अगस्त को घर से बिना बताए चली गई है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की। 14 अगस्त को बालिका को सकुशल बरामद कर परिजन के सुपुर्द कर दिया। युवती के बयानों के आधार पर प्राथमिकी में पॉक्सो एक्ट की धारा की बढ़ोतरी की गई। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर टेढ़ी बगिया से आरोपी रामकिशन बघेल निवासी महादेवी नगर को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया।