राजधानी शिमला के कालीबाड़ी मंदिर में सोमवार को अष्टमी और नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। मंदिर में सुबह 7:25 बजे संधि पूजा आयोजित की गई। इसमें बंगाल से आए श्रद्धालुओं सहित स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। संधि पूजा के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर में मौजूद रहे। इस अवसर पर मंदिर के बाहर कंजक पूजन भी किया गया। वहीं, दोपहर 12:30 बजे से भंडारे का आयोजन शुरू हुआ। इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया। अष्टमी और नवमी के अवसर पर मंदिर में पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।