यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्ान पर बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन हड़ताल पर रहेंगे। शुक्रवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। इसमें यूनियन के हिमाचल संयोजक नरेंद्र शर्मा सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यूनियन के नेताओं ने आम जनता व बैंक ग्राहकों से 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान सहयोग करने की अपील भी की। यूनियन बैंकों की हड़ताल को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। फोरम के पदाधिकारियों संयोजक नरेंद्र शर्मा, एआईबीओसी एचपी के आशुतोष शर्मा, खेम राज वर्मा ने कहा कि सरकार ने मांगों को न मानकर कर्मचारियों को हड़ताल पर जाने को मजबूर किया है। तीस माह से मांगों को लागू नहीं किया गया। कर्मचारियों के पास कोई चारा नहीं था। 11 सितंबर को सांकेतिक हड़ताल की, लेकिन सरकार मामले का हल करने के लिए आगे नहीं आई। उन्होंने कहा कि हड़ताल में ग्राहकों, आम जनता को अधिक परेशानी न हो, इसका प्रयास रहेगा। आरबीआई ने इसके लिए रविवार को पब्लिक सेक्टर के बैंकों को खुला रखने का सर्कुलर जारी किया है। शनिवार को बैंक बंद है, रविवार को वर्किंग है, सोमवार, मंगलवार, बुधवार को बैंकों में हड़ताल रहेगी। इस दौरान यूपीआई, ऑनलाइन बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग , एटीएम के माध्यम से पैसा निकालने, मशीन से जमा करवाने जैसी सुविधाएं जारी रहेंगी। मुख्य मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना। नईं पीएल आई योजना को वापस लेना।