राजधानी शिमला के संजौली में देर रात अतिरिक्त लाइट लगी जिम्नी गाड़ी को रोकने के मामले में जमकर हंगामा हुआ। पुलिस की कार्रवाई के दौरान गाड़ी सवार युवक पुलिस कर्मियों से उलझ पड़े। इसके बाद मौके पर स्थानीय लोग भी एकत्र हो गए और देखते ही देखते विवाद कहासुनी से बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। जानकारी के अनुसार, संजौली में पुलिस ने अतिरिक्त लाइट लगी जिम्नी गाड़ी को रोककर कार्रवाई की। इस दौरान गाड़ी में सवार युवक पुलिस कर्मियों से बहस करने लगे। पुलिस की कार्रवाई के समर्थन में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। इसके बाद गाड़ी सवार युवकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। सड़क के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित कर मामला शांत करवाया। संजौली पुलिस ने गाड़ी में सवार युवकों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है और विवाद के दौरान हुई घटनाओं के तथ्यों को जुटाया जा रहा है। मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दी गई है। शिकायत में एक स्थानीय युवक पर बंदूक तानने का आरोप लगाया गया है। इस आरोप की भी जांच की जा रही है। फिलहाल, इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत मिली है और उसमें लगाए गए आरोपों के तथ्यों की भी छानबीन की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।