भाजपा के विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को विली पार्क शिमला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने की। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र में सरकार को मजबूती से घेरने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में विधायकों ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, विकास कार्य ठप पड़े हैं और कांग्रेस सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित होकर रह गई है। कर्मचारियों, पेंशनरों, किसानों, बागवानों और बेरोजगार युवाओं से किए गए वादे पूरे नहीं होने से प्रदेश की जनता निराश और त्रस्त है। भाजपा विधायक दल ने निर्णय लिया कि इन सभी मुद्दों को विधानसभा के भीतर और बाहर पूरी मजबूती से उठाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वादों को निभाने में पूरी तरह विफल रही है और प्रदेश में कुशासन का माहौल बन गया है। भाजपा विधायक दल जनता की आवाज बनकर सदन में सरकार से जवाब मांगेगा और प्रदेश के हितों से जुड़े हर मुद्दे पर सरकार को कठघरे में खड़ा करेगा।