राजधानी के गंज बाजार स्थित एसडी स्कूल में छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अमर उजाला के ‘अपराजिता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू हुआ। कार्यक्रम में हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं प्रदेश सरकार के अतिरिक्त महाधिवक्ता दिवाकर शर्मा ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। उन्होंने छात्राओं के साथ कानून और अधिकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी साझा की। दिवाकर शर्मा ने छात्राओं को संविधान में निहित उनके अधिकारों के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि एक नागरिक के तौर पर उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी होना क्यों जरूरी है और किसी भी परिस्थिति में कानूनी सहायता एवं संरक्षण के लिए उपलब्ध प्रावधानों की जानकारी कैसे उपयोगी हो सकती है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण देने वाले इस कानून के प्रमुख प्रावधानों और उससे जुड़े अधिकारों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में कानून को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करना रहा। वक्ता ने छात्राओं को कानून की जानकारी रखने और जरूरत पड़ने पर उचित कानूनी माध्यमों का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया। ‘अपराजिता’ कार्यक्रम में स्कूल की करीब 100 छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने कानूनी अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े विषयों को समझा और महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।