नगर निगम चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पर दिनभर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। कांग्रेस और बीजेपी समेत अन्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशी और निर्दलीय उम्मीदवार नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचते रहे। इस दौरान कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। कांग्रेस की चंद्रकला यादव और निरमा मीणा समय समाप्त होने से कुछ मिनट पहले पहुंचीं, लेकिन उनका नामांकन दाखिल नहीं हो सका। वहीं, नामांकन दाखिल कर चुकी महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम का आखिरी समय में टिकट काट दिया गया। कोटा में 100 वार्डों पर होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए बीजेपी ने सभी 100 वार्डों में अपने प्रत्याशियों के सिंबल जमा कराए हैं। वहीं कांग्रेस ने 94 उम्मीदवारों को सिंबल दिए हैं।
2 मिनट की देरी से नहीं भर सकीं चंद्रकला यादव
कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रकला यादव वार्ड नंबर 96 से नामांकन दाखिल करने पहुंची थीं। चंद्रकला के मुताबिक, शुरुआत में पार्टी की ओर से उन्हें सिंबल नहीं मिला था। नामांकन की अंतिम समय सीमा से कुछ देर पहले उन्हें सिंबल के लिए फोन आया। इसके बाद जरूरी दस्तावेज जुटाने के लिए उन्हें इधर-उधर भागदौड़ करनी पड़ी। इसी दौरान नामांकन दाखिल करने का समय समाप्त हो गया। महज 2 मिनट की देरी के चलते वह अपना नामांकन दाखिल नहीं कर सकीं। इसी तरह वार्ड नंबर 3 से कांग्रेस प्रत्याशी निरमा मीणा भी समय पर नामांकन दाखिल नहीं कर सकीं। वह करीब 1 मिनट की देरी से पहुंचीं, लेकिन उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इसके चलते उनका नामांकन भी अधूरा रह गया।
पढ़ें: जिस सेंटर पर NEET PG की परीक्षा रद्द हुई, उसी सेंटर पर AIIMS CRE-5 के एग्जाम को लेकर बवाल; वजह क्या?
कांग्रेस ने कई दिग्गजों के टिकट काटे
नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर खींचतान भी सामने आई। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष शालिनी गौतम ने वार्ड नंबर 88 से नामांकन दाखिल किया था। वह चुनाव की तैयारी भी कर रही थीं और उन्हें उम्मीद थी कि पार्टी उन्हें टिकट देगी। हालांकि, आखिरी समय में उनका टिकट काट दिया गया। शालिनी गौतम इससे पहले पार्षद रह चुकी हैं। वहीं, कांग्रेस की दो बार पार्षद रह चुकीं समा मिर्जा को भी इस बार टिकट नहीं मिला। कांग्रेस ने वार्ड नंबर 60 से तरन्नुम को प्रत्याशी बनाया है। समा मिर्जा ने शहर जिला अध्यक्ष पर टिकट काटने का आरोप लगाया है। इसके अलावा पूर्व उपमहापौर पवन मीणा का टिकट भी कांग्रेस ने काट दिया है।
11 सितंबर को होगी वोटिंग
नए परिसीमन के तहत दो नगर निगमों के एक होने के बाद कोटा में अब 100 वार्डों पर नगर निगम चुनाव होने हैं। इस बार महापौर का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित किया गया है। नगर निगम चुनाव के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे, जबकि 21 सितंबर को महापौर का चुनाव होगा। 100 वार्डों में से 18 वार्ड एससी, 5 वार्ड एसटी, 20 वार्ड ओबीसी और 34 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।