वेब सीरीज 'द रेवोल्यूशनरीज' में महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद करतार सिंह सराभा की ऐतिहासिक भूमिका निभाने वाले पानीपत के युवा अभिनेता कशिश सलूजा मंगलवार को लुधियाना स्थित गांव सराभा पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद सराभा के पैतृक घर में नतमस्तक होकर श्रद्धांजलि अर्पित की और ग्रामीणों से शहीद के जीवन इतिहास को गहराई से जाना। गांव पहुंचने पर ग्राम पंचायत की ओर से अभिनेता कशिश सलूजा का विशेष सम्मान किया गया। इस दौरान कशिश ने ग्रामीणों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इस ऐतिहासिक किरदार को जीवंत करने के लिए किस प्रकार कड़ी मेहनत की और सराभा जी के व्यक्तित्व को आत्मसात किया। गांव सराभा में नतमस्तक होने के बाद कशिश लुधियाना स्थित अपने रिश्तेदारों के घर पहुंचे। जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में अपने अभिनय के सफर और अनुभवों को साझा किया। युवाओं को सदेश देते कशिश ने कहा "कोई भी पेशा बाहर से जैसा दिखता है, उसकी असली चुनौतियां तो उसे जीने के बाद ही समझ आती हैं। युवाओं को कभी खुद को किसी से कम नहीं आंकना चाहिए। अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें और हर दिन उसकी ओर एक कदम बढ़ाएं। निरंतर प्रयास और कड़ी मेहनत से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।"