पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच पंजाब प्रदेश यूथ कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष शुभम देवगन (शुभम शर्मा) ने आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखे आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि बदलाव और आम आदमी की सरकार का वादा करके सत्ता में आई सरकार आज जनता और युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। शुभम देवगन ने आरोप लगाया कि संगरूर सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में नशे और स्थानीय मुद्दों को लेकर आवाज उठाने वाले लोगों तथा विरोध प्रदर्शन करने वाले युवाओं पर पुलिस का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वालों के साथ सख्ती किए जाने से लोगों में भय का माहौल पैदा हो रहा है। रवनीत बिट्टू के मामले पर भी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी नेता के साथ हिंसा या अभद्र व्यवहार उचित नहीं है, हालांकि उन्होंने इसे जनता के गुस्से से जोड़ते हुए सरकार और नेताओं से जनता के सवालों का जवाब देने की बात कही। कांग्रेस संगठन को लेकर देवगन ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और सम्मेलनों में जुट रही भीड़ से युवाओं के कांग्रेस की ओर दोबारा देखने का दावा किया। उन्होंने संगठन में अनुशासनहीनता को लेकर सख्त रुख अपनाने की बात भी कही। धूरी और मस्तुआना साहिब के मुद्दे पर सरकार को घेरा मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह क्षेत्र धूरी से जुड़े वादों का जिक्र करते हुए शुभम देवगन ने बंद पड़ी शुगर मिल को शुरू करने और मस्तुआना साहिब में मेडिकल कॉलेज बनाने के वादे पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल जमीनी स्तर पर अपने दावों के अनुरूप नहीं है। कानून-व्यवस्था और नशे पर भी उठाए सवाल यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब में अपराध और नशे की स्थिति को लेकर चिंता जताई और आरोप लगाया कि आम नागरिकों के साथ-साथ राजनीतिक नेता भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए गैंगस्टरवाद के प्रभाव को लेकर भी चिंता व्यक्त की। जनता के बीच जाकर तैयार होगा कांग्रेस का मेनिफेस्टो आगामी चुनावों की तैयारियों पर देवगन ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर घोषणापत्र तैयार कर रही है। उनके अनुसार, इसमें आम परिवारों के आर्थिक उत्थान, छोटे कारोबारियों को राहत और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों पर फोकस किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में पंजाब की जनता कांग्रेस को समर्थन देकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।