जालंधर जिले के फिल्लौर के पास जगतपुर गांव में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की नीची तारों की चपेट में आने से पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी ट्रॉली तथा उसमें लदी पराली जलकर राख हो गई। इस हादसे में ट्रॉली मालिक को करीब 7 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य अमरदीप और फायर ब्रिगेड अधिकारी राजवीर के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली जगतपुर गांव से होते हुए श्मशानघाट रोड की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सड़क के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारें पराली की अधिक ऊंचाई के कारण ट्रॉली से टकरा गईं। तारों से निकली चिंगारी के कारण पराली में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी ट्रॉली को अपनी चपेट में ले लिया और उसके टायर भी धू-धू कर जलने लगेघटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रॉली को उठाकर स्थिति संभालने का प्रयास भी किया गया। इस अग्निकांड में ट्रॉली और उसमें रखी पूरी पराली जलकर नष्ट हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, ट्रॉली मालिक को करीब 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।