फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जालंधर में 409 में से 20 पटाखा कारोबारियों को मिला लाइसेंस

त्योहारी सीजन को देखते हुए जालंधर में पटाखा मार्केट लगाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार पठानकोट रोड स्थित गांव राओवाली में 13 एकड़ क्षेत्र में पटाखा बाजार सजाया जाएगा। सोमवार को रेडक्रॉस भवन में अस्थायी पटाखा दुकानों के लाइसेंस आवंटित करने के लिए प्रशासन की ओर से लकी ड्रॉ निकाला गया। इसमें 409 आवेदकों में से 20 कारोबारियों का चयन किया गया। एडीसी अमनिंदर कौर की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से ड्रॉ की प्रक्रिया पूरी की गई। चयनित कारोबारियों के नाम घोषित करने के साथ ही प्रशासन ने उनके लाइसेंस जारी कर दिए। इसके अलावा दो अतिरिक्त आवेदकों के नाम भी निकाले गए हैं, ताकि किसी चयनित कारोबारी का लाइसेंस रद्द होने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची से दूसरे आवेदक को मौका दिया जा सके। पटाखा दुकानों के लिए लाइसेंस हासिल करने को शहर के कारोबारियों में काफी उत्साह देखने को मिला। कुल 409 व्यापारियों ने अस्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। प्रशासन ने चयनित दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक दुकान के बाहर रेत से भरी बाल्टियां, पानी की टंकियां और अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पटाखा मार्केट एसोसिएशन के प्रधान विकास भंडारी ने बताया कि इस बार बाजार की तैयारियों में करीब छह दिन की देरी हुई है। गांव के सरपंच की ओर से अदालत में याचिका दायर किए जाने के कारण तैयारियों का काम प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि पटाखा एसोसिएशन को हर साल बाजार लगाने के लिए उपयुक्त जगह तलाशने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भंडारी के मुताबिक, पिछले वर्ष जगह कम होने के कारण पार्किंग की भारी समस्या आई थी। इससे कारोबारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इस बार पर्याप्त जगह और बेहतर व्यवस्था उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राओवाली में 13 एकड़ क्षेत्र में पटाखा मार्केट विकसित की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें