थाना सिटी पुलिस ने दो दिन पहले स्थानीय प्रेम नगर में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में उसके साथ लिव इन रिलेशन में रहती महिला को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान कोटकपूरा के देवी वाला रोड निवासी मनदीप सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से प्रेम नगर में सिमरजीत कौर नामक महिला के साथ में रह रहा था। पुलिस ने मृतक के पिता बिंदर सिंह के बयान के आधार पर सिमरजीत कौर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। शिकायत में मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि मनदीप सिंह का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे। इसी दौरान मनदीप का संपर्क प्रेम में किराए के घर मे रहती सिमरजीत कौर से हुआ। आरोप है कि सिमरजीत कौर उसे अपने साथ रहने के लिए मजबूर करती थी, जिससे परेशान होकर उसने महिला के किराए के घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में थाना सिटी के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सिमरजीत कौर को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों कुछ समय से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे और उनके बीच अक्सर विवाद होता था। एसएचओ के अनुसार, पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि मनदीप सिंह शराब का सेवन करता था और उसके बच्चों को परेशान करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।