मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सीमावर्ती फिरोजपुर जिले में स्कूलों और कॉलेजों की कमियों को दूर किया जाएगा। शिक्षा के साधनों को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। शहीद भगत सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी कभी बंद होने के कगार पर पहुंच गई थी, लेकिन सरकार ने इसे दोबारा सक्रिय किया है। मुख्यमंत्री यूनिवर्सिटी में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। आज का दौर तकनीकी शिक्षा का है। इसी को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने सरकारी स्कूलों के कुछ शिक्षकों को विदेश भेजकर प्रशिक्षण दिलवाया, ताकि वे आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाकर विद्यार्थियों की पढ़ाई का स्तर सुधार सकें। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के नीट परीक्षा में सफल होने का प्रतिशत भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने शिक्षा के लिए बजट का 26 प्रतिशत हिस्सा रखा है, जबकि खेलों को बढ़ावा देने के लिए 1754 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। पंजाब में रोजगार के नए अवसर और उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार मिल सके और उन्हें विदेशों की ओर रुख न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर डॉक्टर या इंजीनियर बनने का दबाव न डालें। बच्चों की रुचि और पसंद को समझते हुए उन्हें अपनी मर्जी से करियर चुनने का अवसर दें। अपनी पसंद के क्षेत्र में काम करने पर ही बच्चे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं और जीवन में आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी में विभिन्न प्रकार के डिप्लोमा और तकनीकी पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से युवा शिक्षा और प्रशिक्षण हासिल कर अपना कारोबार भी शुरू कर सकते हैं।