फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नानकसर में मोबाइल छीनकर भाग रहे दो युवक लोगों ने दबोचे, एक साथी फरार

शहर में लूटपाट और मोबाइल छीनने की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार देर शाम गुरुद्वारा नानकसर में चल रहे बाबा नंद सिंह जी के बरसी समारोह से माथा टेककर लौट रही दो लड़कियों से बाइक सवार बदमाशों ने कथित तौर पर मारपीट कर मोबाइल छीन लिया। वारदात के बाद बदमाशों का पीछा कर रहे लोगों और गुरुद्वारा साहिब के सेवादारों ने दो युवकों को बस स्टैंड चौक के नजदीक दबोच लिया, जबकि उनका एक साथी बाइक से उतरकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार नानकसर में बाबा नंद सिंह जी का बरसी समारोह चल रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बुधवार देर शाम दो लड़कियां गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और कथित तौर पर थप्पड़ मारकर उनका मोबाइल छीन लिया। बताया जा रहा है कि पीछे से गुरुद्वारा साहिब के सेवादारों की गाड़ी आ रही थी। सेवादारों ने मोबाइल छीनने की घटना देखी तो उन्होंने तुरंत बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। कुछ अन्य लोगों ने भी उनका पीछा किया और बस स्टैंड चौक के पास बाइक को घेर लिया। इस दौरान बाइक सवार एक युवक लोगों को पीछे आता देख बाइक से उतरकर फरार हो गया, जबकि दो युवकों को लोगों ने पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों में से एक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से कथित तौर पर टीका बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर बताया कि वह चिट्टे का नशा करता है और नशा लगाने के लिए ही उसने टीका अपने पास रखा हुआ था। पकड़े गए एक युवक ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह अपनी मासी के घर गुरुसर आया हुआ था। उसके अनुसार, दूसरा युवक उसे यह कहकर अपने साथ लेकर आया था कि रीगल मार्केट से मोबाइल लेना है। युवक ने दावा किया कि उसे रास्ते में मोबाइल छीनने की वारदात के बारे में जानकारी नहीं थी। हालांकि, लोगों ने जब उससे सवाल किया कि अगर उसे वारदात के बारे में पता नहीं था तो वारदात के बाद बाइक क्यों भगाई गई, तो युवक ने कहा कि उसे तब पता चला कि पीछे से कोई गाड़ी उन्हें रोकने के लिए हॉर्न बजा रही थी। इसी दौरान उसके साथ आया युवक बाइक से उतरकर भाग गया, लेकिन बाइक नहीं रोकी गई और पीछा करते लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक हंगामा रहा। पुलिस को मामले की सूचना दी गई है और पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर फरार साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मोबाइल छीनने की पूरी वारदात और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें