पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित ड्रोन शो का आयोजन जवाहर नवोदय विद्यालय, महियां वाला कलां, जीरा में किया गया। 500 ड्रोन के माध्यम से आसमान में रोशनी की मनमोहक आकृतियां बनाकर गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद संगत ने इस अनूठी प्रस्तुति को श्रद्धा और उत्साह के साथ देखा। इससे पहले रागी जत्था सतपाल सिंह बाघा पुराना ने कीर्तन के माध्यम से गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं तथा समानता और भाईचारे के संदेश से संगत को जोड़ा। इस दौरान विधायक जीरा नरेश कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ड्रोन शो के माध्यम से गुरु जी के समानता, सामाजिक न्याय, दया और मानव सम्मान के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रकाश पर्व को समर्पित 92 ड्रोन शो करवाए जा रहे हैं। 4 अक्तूबर को मेरिटोरियस स्कूल हकूमत सिंह वाला, फिरोजपुर में भी ड्रोन शो होगा। इस मौके पर एसडीएम जीरा सूरज कुमार सहित विभिन्न अधिकारी, आप नेता और बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।