पंजाब सरकार और पुलिस की मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत विधानसभा हलका जीरा के गांव चब्बा में नशा विरोधी सेमिनार करवाया गया। इसमें डीआईजी स्नेहदीप शर्मा ने विशेष रूप से शिरकत कर ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। डीआईजी शर्मा ने कहा कि नशा समाज की जड़ों को खोखला कर रहा है। इसके खात्मे के लिए पुलिस और जनता के बीच सहयोग जरूरी है। उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही। सेमिनार में ग्रामीणों ने मेडिकल नशे की बिक्री पर चिंता जताई। इस पर डीआईजी ने कहा कि प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन से बातचीत की जाएगी। मेडिकल स्टोरों की जांच और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस व स्वास्थ्य विभाग मिलकर कार्रवाई करेंगे। वहीं, पूर्व सरपंच नसीब सिंह ने आरोप लगाया कि गांव के कई निर्दोष लोगों पर झूठे मामले दर्ज कर गांव की छवि खराब की जा रही है। उन्होंने कार्रवाई से पहले निष्पक्ष जांच की मांग की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। डीआईजी ने ग्रामीणों से नशा तस्करों की पहचान करने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।