फिरोजपुर मंडल में एक से 15 सितंबर तक मनाए जा रहे राजभाषा पखवाड़ा-2026 के तहत रेलवे अधिकारी क्लब, मंडल में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न स्टेशनों से आए 65 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों को 50 प्रश्नों वाला प्रश्नपत्र दिया गया। इसमें राजभाषा हिंदी, समसामयिकी मुद्दों और सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न शामिल किए गए थे। कर्मचारियों ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने ज्ञान और हिंदी के प्रति रुचि का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मस्तराम मीना, सहायक मंडल सामग्री प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए कर्मचारियों को प्रेरित किया।