सीमावर्ती शहर पठानकोट में रविवार, 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय विचार-विमर्श का एक बड़ा मंच सजने जा रहा है। समाजसेवी एवं शिक्षाविद सृजल गुप्ता की पहल पर ढांगू रोड स्थित एक होटल में टेडएक्स कैलेडोनियन का आयोजन किया जाएगा। ‘द वर्ल्ड कम्स टू पठानकोट’ के संदेश के साथ होने वाले इस सम्मेलन में विभिन्न देशों के पूर्व शासनाध्यक्ष, मंत्री, कूटनीतिक क्षेत्र की हस्तियां और प्रतिष्ठित अधिकारी एकत्रित होकर अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। आयोजन में माल्टा के पूर्व प्रधानमंत्री जोसेफ मस्कट, रोमानिया के पूर्व प्रधानमंत्री विक्टर पोंटा, मोल्दोवा के पूर्व प्रधानमंत्री इयूरी लंका और स्लोवाकिया के पूर्व प्रधानमंत्री एडुआर्ड हेगर के अलावा 14 देशों से जुड़े प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। इनके अतिरिक्त इटली के पूर्व उपप्रधानमंत्री लुइगी डि माओ, ब्रिटेन के पूर्व रक्षा मंत्री सर ग्रांट शाप्स, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप राय तथा बिनांस से जुड़े राज टिमोथी नंदवानी सहित अन्य प्रतिष्ठित चेहरे भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। भारत की ओर से सीबीआई के पूर्व स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस पहल को पठानकोट को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सृजल गुप्ता के मुताबिक सम्मेलन की योजना तैयार करने का काम मार्च-अप्रैल में शुरू किया गया था। जब विदेशों में संपर्क साधकर प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया गया, तो कई लोगों ने पहले पठानकोट के बारे में जानकारी मांगी। ऐसे में उन्हें शहर की भौगोलिक स्थिति, पहचान और विशेषताओं से परिचित करवाना पड़ा। उनके अनुसार, इस आयोजन को यहां तक लाने के लिए लगातार प्रयास करने पड़े हैं। 11 अक्टूबर को पठानकोट में देश-विदेश की जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी शहर के लिए गौरव का विषय होगी। इससे स्थानीय लोगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के व्यक्तित्वों के विचार सुनने और विभिन्न क्षेत्रों में उनके अनुभवों को समझने का अवसर मिलेगा।