हुसैनीवाला अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक स्थित गांव भखड़ा में मंगलवार दोपहर बाद करीब पौने चार बजे हेरोइन का पैकेट लेकर आ रहा एक पाकिस्तानी ड्रोन अचानक खेत में गिर गया। ड्रोन के साथ करीब आधा किलो हेरोइन का पैकेट था। सूचना मिलते ही बीएसएफ और पुलिस मौके पर पहुंच गई। जानकारी के अनुसार, गांव भखड़ा के किसान खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक ड्रोन को आसमान में मंडराते हुए देखा। किसान अभी उसे देख ही रहे थे कि अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण ड्रोन नीचे गिरकर खेत में जा पहुंचा। जमीन पर गिरते ही ड्रोन के पंख टूट गए। बताया जा रहा है कि ड्रोन के साथ हेरोइन का एक पैकेट भी बंधा हुआ था, जिसका वजन करीब आधा किलो बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए और ड्रोन तथा हेरोइन के पैकेट को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रोन किस दिशा से आया था और इसके पीछे तस्करों का कौन सा नेटवर्क सक्रिय है।