प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज और जगत माता सुलखणी जी के पवित्र विवाह पर्व को समर्पित विशाल नगर कीर्तन बुधवार को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब से श्रद्धा, सम्मान और गुरमर्यादा के अनुसार शुरू हुआ। नगर कीर्तन की शुरुआत के मौके पर बड़ी संख्या में संगत गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में पहुंची। पूरा क्षेत्र गुरबाणी कीर्तन और ‘सतनाम वाहेगुरु’ के जयकारों से गूंज उठा। नगर कीर्तन की शुरुआत के अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी, सुल्तानपुर लोधी के विधायक राणा इंद्र प्रताप सिंह, आम आदमी पार्टी के हलका प्रभारी सज्जण सिंह चीमा सहित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन सजाया गया। इसमें बड़ी संख्या में संगत ने शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर आयु वर्ग के श्रद्धालु नगर कीर्तन का हिस्सा बने। विवाह पर्व को लेकर गुरुद्वारा श्री बेर साहिब को सुंदर फूलों से सजाया गया है। फूलों की आकर्षक सजावट, गुरबाणी कीर्तन और संगत की भारी आमद से पवित्र नगरी की रौनक देखते ही बन रही है। विवाह पर्व को लेकर संगत में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न स्थानों से पहुंची संगत श्रद्धा के साथ नगर कीर्तन में शामिल हुई। नगर कीर्तन के रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की ओर से स्वागत के लिए प्रबंध किए गए हैं। संगत के लिए लंगर और छबील की सेवा भी की जा रही है। गुरुद्वारा श्री बेर साहिब से शुरू हुआ यह विशाल नगर कीर्तन बटाला साहिब स्थित गुरुद्वारा सत करतारिया साहिब पहुंचकर संपन्न होगा।