फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरकारी इमारत की बदहाली पर भड़के विधायक राणा गुरजीत सिंह

जिला प्रशासनिक परिसर की बदहाल हालत को लेकर कपूरथला से कांग्रेस विधायक राणा गुरजीत सिंह ने प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। कचहरी परिसर का दौरा करने पहुंचे विधायक ने सरकारी इमारत की दीवारों और छतों पर पीपल के पौधे उगे देखकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस इमारत में जिले के डिप्टी कमिश्नर (डीसी), एसएसपी और पूरा राजस्व विभाग बैठता है, उसकी ऐसी हालत बेहद अफसोसजनक है। राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान करोड़ों रुपये की लागत से इस प्रशासनिक परिसर का निर्माण करवाया गया था। इमारत को बने अभी अधिक समय भी नहीं हुआ, लेकिन रखरखाव के अभाव में इसकी दीवारों और छतों पर पीपल के पौधे उग आए हैं। उन्होंने इसे सरकारी संपत्ति के प्रति लापरवाही और उजाड़ की निशानी करार दिया। विधायक ने कहा कि जब भी वह कचहरी परिसर आते हैं तो इमारत की हालत देखकर उन्हें दुख होता है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई अधिकारी अपने निजी घर की ऐसी हालत होने देता? उन्होंने कहा कि डीसी, एडीसी, एसडीएम और तहसीलदार इस इमारत के संरक्षक हैं और इसकी देखरेख की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। राणा गुरजीत सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि डीसी साहब का इसमें कुछ नहीं जाता, उन्हें तो केवल संबंधित अधिकारियों को आदेश जारी करने हैं। इसके लिए उन्हें खुद जाकर पीपल के पौधे उखाड़ने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद सरकारी इमारत की ऐसी हालत होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जिले के मुखिया और संबंधित अधिकारियों को सरकारी इमारतों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार की गई सरकारी संपत्ति समय से पहले जर्जर न हो।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें