फिरोजपुर के विधानसभा हलका गुरुहरसहाय में त्योहारों के सीजन को देखते हुए लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए फूड सेफ्टी विंग फिरोजपुर की ओर से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत शुक्रवार रात करीब 12 से एक बजे के बीच गुरुहरसहाय में टीम ने कार्रवाई करते हुए 376 किलो संदिग्ध और घटिया गुणवत्ता वाली मिठाई नष्ट कर दी। फूड सेफ्टी टीम ने सूचना के आधार पर तरनतारन एरिया व भट्ठी में चेकिंग की। इस दौरान बाहर से लाई जा रही मिठाई को रोककर जांच की गई। मिठाई जंग लगे टीनों में रखी मिली। उसमें से दुर्गंध आ रही थी और कीड़े-मकौड़े भी पाए गए। लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए टीम ने मिठाई को मौके पर ही नष्ट कर दिया। नष्ट की गई मिठाई में 252 किलो गुलाब जामुन-रसगुल्ले, 35 किलो धोड़़ा, 12 किलो चमचम, 17 किलो वाइट बर्फी, 17 किलो बेसन लड्डू, 18 किलो बेसन बर्फी और 25 किलो बर्फी शामिल थी। फूड सेफ्टी अधिकारी अभिनव कुमार ने लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान मिठाई खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें और केवल साफ-सुथरे व भरोसेमंद स्थानों से ही मिठाई खरीदें। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को भी फूड सेफ्टी नियमों का पालन करने और आवश्यक लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन लेने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।